Breaking: जमशेदपुर में फायरिंग से मचा हड़कंप! तीन लोग सहित JMM नेता घायल
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास फायरिंग से हड़कंप मच गया. मारपीट के बाद हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें TMH में भर्ती कराया गया है.
जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): बड़ी खबर जमशेदपुर से आ रही है, जहां सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, उद्यपी रेस्टोरेंट के पास तीन लोगों को पहले कुछ लोगों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद अचानक फायरिंग कर दी गई. गोली चलने से तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल यानी TMH ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों में डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं, जिन्हें JMM नेता बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
बताया जा रहा है कि घटना मरीन ड्राइव के बिंदल मॉल परिसर के पास हुई, जहां अचानक मारपीट और फायरिंग के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तीनों लोगों को घेरकर उनके साथ मारपीट की गई और फिर गोली चलाई गई. फायरिंग में तीनों घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घटनास्थल से जानकारी जुटानी शुरू की. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. तीनों घायल सोनारी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि, उनकी चोटों की गंभीरता और फायरिंग में किस तरह की गोली लगी, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है.
इधर, फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मॉल परिसर और आसपास के इलाके में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर तीनों लोगों को किस वजह से घेरा गया और मारपीट के बाद फायरिंग क्यों की गई. हमलावरों की संख्या कितनी थी और वे किस वाहन से आए थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा. जमशेदपुर में हुई इस घटना के बाद सोनारी और मरीन ड्राइव इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्क हो गई है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा