BREAKING: स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को कार ने मारी टक्कर, आठ बच्चे घायल
जमशेदपुर के टेल्को रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में आठ बच्चे घायल हो गए. सभी को टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जमशेदपुर के टेल्को रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में आठ बच्चे घायल हो गए. सभी को टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर शहर से बड़ी खबर सामने आई है जहां टेल्को थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में स्कूली बच्चों से भरा पैसेंजर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रिंग रोड के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में ऑटो में सवार आठ बच्चे घायल हो गए. सभी बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया.
टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ ऑटो
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार संख्या JH05DJ 3955 को एक महिला चला रही थी. इसी दौरान रिंग रोड के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से जा रहे पैसेंजर ऑटो संख्या JH05Z 3841 को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसमें बैठे बच्चे भी चोटिल हो गए. घायलों में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी के नाम सामने आए हैं. हादसे में घायल आठवें बच्चे की पहचान की जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है.
हादसे के बाद कार चालक फरार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद कार चला रही महिला मौके से फरार हो गई. वहीं, हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग बच्चों की मदद के लिए आगे आए. लोगों ने बिना देर किए सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना टेल्को थाना पुलिस को भी दी गई. हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचने लगे, जिससे परिवारों में चिंता का माहौल बन गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
स्थानीय लोगों ने फरार कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार चालक की लापरवाही कितनी जिम्मेदार थी, इसकी जांच की जा रही है.