जमशेदपुर के सिदगोड़ा में स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलटी, दो बच्चे गंभीर रूप से घायल, चालक पर नशा का आरोप
जमशेदपुर के सिदगोड़ा में स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलट गई. हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है.
जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के सीदगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय के समीप मुख्य सड़क पर स्कूली बच्चों से भरी एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ऑटो में सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई.स्थानीय लोगों ने तत्काल ऑटो से बच्चों को बाहर निकाला और घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घटना की जानकारी मिलने के बाद सीदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
चालक पर नशा का आरोप
इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया. लोगों का दावा है कि चालक गांजा का सेवन किए हुए था. घटनास्थल से गांजा पीने में इस्तेमाल की जाने वाली दो चिलम मिलने की भी बात सामने आई है. हालांकि, चालक वास्तव में नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस जांच और आवश्यक मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
चालक से पूछताछ कर रही है पुलिस
पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ऑटो किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी. साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे तो नहीं बैठाए गए थे. हादसे के बाद स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
रिपोर्ट-रंजीत ओझा