बहरागोड़ा के नवोदय विद्यालय में रैगिंग का आरोप, छात्र से मारपीट के बाद DC से शिकायत

बहरागोड़ा के नवोदय विद्यालय में रैगिंग का आरोप, छात्र से मारपीट के बाद DC से शिकायत

बहरागोड़ा (BAHARAGORA):पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुडिया में रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है.जहां धालभूमगढ़ प्रखंड के कोकपाड़ा-नरसिंहगढ़ ग्राम पंचायत के पंचायत समिति सदस्य दीपक महतो ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को लिखित शिकायत देकर विद्यालय के उच्च कक्षा के छात्रों पर अपने पुत्र समेत अन्य जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है.

 छात्र से मारपीट के बाद DC से शिकायत

शिकायत के अनुसार, धालभूमगढ़ निवासी धरणीधर गोप, जो विद्यालय में कक्षा 9 का छात्र है, के साथ वरिष्ठ छात्रों ने कथित रूप से मारपीट की, जिससे उसके मुंह और चेहरे पर गंभीर चोटें आई.शिकायत में इंद्रदेव महतो, विकास राणा, पूर्णचंद्र गोराई, गोबिंद महतो और सूरज कर्मकार के नाम का भी उल्लेख किया गया है.घटना के बाद छात्र इतना भयभीत हो गया कि वह पढ़ाई छोड़कर घर लौट आया.शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय में जूनियर छात्रों के साथ वरिष्ठ छात्र नियमित रूप से शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते है उन्हें अभिभावकों को घटना की जानकारी नहीं देने की धमकी भी दी जाती हैm इसी डर के कारण अधिकांश छात्र रैगिंग की घटनाओं की जानकारी अपने परिवार तक नहीं पहुंचा पाते.

दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

दीपक महतो ने बताया कि घटना की सूचना छात्रों द्वारा हाउस मास्टर को दी गई थी. उनके अनुसार, हाउस मास्टर ने अभिभावकों को घटना की जानकारी तो दी, लेकिन मामले की जिम्मेदारी लेने के बजाय प्राचार्य से संपर्क करने की सलाह दी.पंचायत समिति सदस्य ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.शिकायत की प्रतिलिपि जिला परिषद अध्यक्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा संबंधित जिला परिषद सदस्य को भी भेजी गई है.

पढ़े प्राचार्य स्वतंत्र कुमार सिंह ने क्या  कहा

विद्यालय के प्राचार्य स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि "कोई बहुत बड़ी घटना नहीं हुई है. यह घटना रात में हुई थी. मामले में शामिल सभी बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर जांच की जाएगी. हमें दो-चार दिन का समय दिया जाए.हम स्थिति को सामान्य करेंगे. यदि कोई बच्चा दोषी पाया जाता है तो स्कूल प्रबंधन उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगा.

रेपोर-अरुण बारिक