कोल्हान के सभी बड़े नक्सली कानून की गिरफ्त में, लेकिन असीम मंडल पुलिस के लिए बना चुनौती

कोल्हान के सभी बड़े नक्सली कानून की गिरफ्त में, लेकिन असीम मंडल पुलिस के लिए बना चुनौती

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कोल्हान के सभी बड़े नक्सली अब कानून की गिरफ्त में है, लेकिन एक करोड़ का इनामी नक्सली असीम मंडल पुलिस और सुरक्षाबलों के लिए अब भी चुनौती बना हुआ है. असीम मंडल कुछ नक्सलियों के साथ दलमा और घाटशिला के जंगलों में छुपा हुआ है. पुलिस और सुरक्षाबल जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं लेकिन असीम मंडल का कुछ पता नहीं चल पाया है. जानकारी हो कि कई नक्सलियों के सरेंडर करने और सुरक्षाबलों को लगातार कार्रवाई के बाद असीम मंडल कुछ नक्सलियों के साथ सारंडा से भागकर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला - खरसावां के जंगलों में सक्रिय हो गया. यहां नक्सलियों ने पेट्रोल पंप मालिकों से लेवी वसूलने का काम शुरू कर दिया. लेकिन करीब 6 दिनों पहले पुलिस ने उसके दस्ते के 3 नक्सलियों को सरायकेला और खरसावां जिले के कांड्रा और चांडिल थाना क्षेत्र के गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद असीम मंडल दस्ते में बचे 5- 6 नक्सलियों के साथ भागा फिर रहा है. सुरक्षाबल दलमा और घाटशिला के जंगलों में सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही है. बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों की घेराबंदी के कारण असीम दलमा और घाटशिला के जंगलों से निकल नहीं पा रहा है और पूरी तरह से घिर चुका है.

गिरफ्तार नक्सलियों ने खोले कई राज
पिछले रविवार को पुलिस ने असीम मंडल के सहयोगी 15 लाख के इनामी नक्सली मदन महतो, 5 लाख के इनामी नक्सली सागर सिंह और सागर की पत्नी 2 लाख की इनामी नक्सली मीणा पहाड़िया को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. तीनों ने असीम मंडल को लेकर कई जानकारी पुलिस को दी है जिसके तहत पुलिस कार्रवाई कर रही है. इधर, चाइबासा सक्रिय 10 लाख के इनामी नक्सली सालुका कायम ने भी अपनी पत्नी पिंकी और एक महिला नक्सली कोदोमुनि कोड़ा के साथ आत्मसमर्पण कर दिया. ऐसे में माना जा रहा है कि कोल्हान में अब नक्सली संगठन पूरी तरह कमजोर हो गया है. असीम मंडल की गिरफ्तारी, सरेंडर करने या एनकाउंटर के बाद कोल्हान के अलावा पूरे राज्य में नक्सलियों का सफाया हो जाएगा. सुरक्षाबल असीम और बचे नक्सलियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. 

इन नक्सलियों के साथ है असीम
असीम मंडल 15 लाख के इनामी नक्सली राम प्रकाश मार्डी उर्फ सचिन, सीता मार्डी उर्फ मीता के साथ भागा फिर रहा है. सीता इनामी नक्सली सचिन की पत्नी है. बताया जा रहा है कि सचिन और मीता के अलावा नक्सली अनिता कायम उर्फ नुनी, मंगल सरदार, मालती मुर्मू समेत अन्य नक्सली असीम मंडल के साथ हैं. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने जब मदन महतो, सागर सिंह और मीना पहाड़िया को गिरफ्तार करने कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव पहुंची तो अनिता, मंगल और मालती भी वहीं मौजूद थे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले तीनों वहां से भाग निकले थे. जानकारी हो कि 2 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा को पुलिस ने हाल ही में धनबाद से गिरफ्तार किया था. अब असीम मंडल ही राज्य में एकमात्र बड़ा नक्सली बच गया है. असीम की गिरफ्तारी के बाद राज्य से नक्सलियों के सफाया हो जाएगा.