ट्रेन यात्रियों के लिए अलर्ट! नवंबर में कई ट्रेनें रद्द, टाटानगर नहीं आएगी उत्कल एक्सप्रेस
जमशेदपुर: बागडेही स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन की कमीशनिंग के लिए NI वर्क होगा. इसके चलते कई ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी, जबकि उत्कल एक्सप्रेस 2 नवंबर को टाटानगर नहीं आएगी.
जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. चक्रधरपुर रेल मंडल के बागडेही स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और बागडेही-जामदा सेक्शन के बीच चौथी लाइन की कमीशनिंग को लेकर रेलवे की ओर से नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य किया जाएगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 और 2 नवंबर को प्री-एनआई तथा 3 नवंबर को एनआई का काम होगा. इस दौरान रेल परिचालन पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है. रेलवे के मुताबिक कार्य के दौरान करीब दो घंटे का सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (S&T) डिस्कनेक्शन और चार घंटे का पूर्ण ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा. इसके चलते कई ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया गया है.
रेलवे की सूची के अनुसार 68029-68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू 1 से 3 नवंबर तक रद्द रहेगी. 18109-18110 टाटानगर-इतवारी-टाटा एक्सप्रेस और 18175 हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस भी 1 से 3 नवंबर तक नहीं चलेंगी. वहीं 18176 झारसुगुड़ा-हटिया एक्सप्रेस 2 से 4 नवंबर तक रद्द रहेगी. इसके अलावा 22861 हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस 3 नवंबर, 22862 कांताबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस 4 नवंबर, 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 3 नवंबर और 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 4 नवंबर को रद्द रहेगी. 13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस 31 अक्टूबर और 13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस 2 नवंबर को नहीं चलेगी.
इसके साथ ही 18125-18126 राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस 3 नवंबर, 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 2 नवंबर, 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 5 नवंबर तथा 22839-22840 भुवनेश्वर-राउरकेला-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 3 नवंबर को रद्द रहेगी. वहीं 18477-18478 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 2 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी और टाटानगर नहीं आएगी. सामान्य मार्ग के बजाय ट्रेन कटक से संबलपुर, झारसुगुड़ा रोड और ईब होते हुए आगे जाएगी. रेलवे के इस बदलाव से यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस और रूट जरूर जांचने की सलाह दी गई है.