नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में MBBS बैच का भव्य स्वागत, DC राजीव रंजन ने दिया सेवा का संदेश

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज आदित्यपुर में MED-NOVA 2026 के तहत MBBS बैच 2026 का ओरिएंटेशन समारोह आयोजित हुआ. उपायुक्त राजीव रंजन ने विद्यार्थियों को मानव सेवा का संदेश दिया.

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में MBBS बैच का भव्य स्वागत, DC राजीव रंजन ने दिया सेवा का संदेश

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर में बुधवार को मेड-नोवा 2026 (MED-NOVA 2026) के तहत एमबीबीएस बैच 2026 के द्वितीय ओरिएंटेशन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में नवप्रवेशित मेडिकल विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और उन्हें चिकित्सा शिक्षा, अनुशासन तथा मानव सेवा के महत्व से परिचित कराया गया. कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन (IAS) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक तेज नारायण सिंह, अध्यक्ष मदन मोहन सिंह और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. के. एन. सिंह समेत वरिष्ठ चिकित्सक, प्राध्यापक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई. इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई.

डॉक्टर बनना मानव सेवा का संकल्प: उपायुक्त

मुख्य अतिथि राजीव रंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का बड़ा संकल्प है. एक अच्छे चिकित्सक के लिए मेडिकल ज्ञान और तकनीकी दक्षता के साथ संवेदनशीलता, नैतिकता, धैर्य और सेवाभाव भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में युवा चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा और कौशल का इस्तेमाल जरूरतमंद तथा वंचित लोगों की सेवा के लिए भी करना चाहिए.

अनुशासन और संवेदनशीलता को दें प्राथमिकता

संस्थान के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एमबीबीएस की पढ़ाई केवल डिग्री हासिल करने का सफर नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि डॉक्टर के हाथों में मरीज का जीवन और उसके परिवार की उम्मीद होती है. इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अच्छे व्यवहार, मानवीय मूल्यों और अनुशासन पर भी ध्यान देना चाहिए. उन्होंने मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास को सफलता का आधार बताया. समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और चिकित्सा पेशे के दायित्वों से परिचित कराना था. कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. प्राचार्य डॉ. के. एन. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. संस्थान ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.