दुकानदार के घर-दुकान पर एयर राइफल से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग, 8 लाख के लेन-देन से जुड़ा है विवाद
जमशेदपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित ब्राह्मण टोला में एक दुकानदार के घर और दुकान के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप लगाया गया है. घटना के दौरान दुकानदार पवन कुमार पांडे और उनके बेटे अभिषेक पांडे मौके पर मौजूद थे.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित ब्राह्मण टोला में एक दुकानदार के घर और दुकान के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप लगाया गया है. घटना के दौरान दुकानदार पवन कुमार पांडे और उनके बेटे अभिषेक पांडे मौके पर मौजूद थे. हालांकि, दोनों सुरक्षित बच गए. दुकानदार ने प्रमोद दुबे और उसके साथ आए लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस ने मामले में इस्तेमाल की गई एयर राइफल जब्त कर ली है.
जानकारी के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 11 बजे की है. बाबा फैंसी दुकान के संचालक पवन कुमार पांडे का आरोप है कि प्रमोद दुबे अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर और दुकान के सामने पहुंचा. इसके बाद वहां फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई. घटना के समय पवन कुमार पांडे और उनका बेटा अभिषेक पांडे मौजूद थे. दोनों बाल-बाल बच गए. दुकानदार ने घर और दुकान को मिलाकर करीब 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है. बताया जा रहा है कि पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पवन कुमार पांडे के अनुसार, भुइयांडीह की ग्वाला बस्ती निवासी प्रमोद दुबे से उनका पैसों का लेन-देन था. उन्होंने प्रमोद दुबे से ब्याज पर 8 लाख रुपये उधार लिए थे. दुकानदार का कहना है कि इसमें से 2 लाख रुपये वापस कर दिए गए थे, जबकि शेष 6 लाख रुपये चुकाने के लिए 30 जनवरी 2026 तक का समय तय किया गया था. इसी बकाया रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. दुकानदार ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले भी फोन पर और दुकान पर आकर जान से मारने की धमकी दी गई थी. उन्होंने इसी विवाद को फायरिंग की वजह बताया है. हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना के बाद पवन कुमार पांडे रात करीब एक बजे सिदगोड़ा थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. साथ ही पुलिस को CCTV फुटेज उपलब्ध होने की जानकारी भी दी. दुकानदार ने घटना में घर और दुकान को हुए नुकसान का आकलन करीब 4 से 5 लाख रुपये बताया है.