जमशेदपुर में 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार, एपीके फाइल भेज करते थे ठगी

जमशेदपुर में 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार, एपीके फाइल भेज करते थे ठगी

जमशेदपुर (jamshedpur): जमशेदपुर पुलिस ने 4 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनकी गिरफ्तारी से 30 लाख रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है. पुलिस की जांच में सामने आए है कि यह गिरोह अलग अलग लोगों से कुल 30 लाख रुपये की ठगी कर चुका है. फर्जी एपीके फाइल भेज गिरोह लोगों को अपना शिकार बनाता था. सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले का खुलासा किया. गिरफ्तार आरोपियों में देवघर निवासी संजय कुमार, जामताड़ा निवासी राहुल कुमार रवानी, देवघर निवासी सुनील कुमार झा और सरायकेला निवासी राहुल कुमार ठाकुर शामिल हैं. इनमें राहुल कुमार रवानी का अपराधिक इतिहास रहा है. जामताड़ा में उसके खिलाफ साइबर अपराध का एक मामला दर्ज है. साइबर क्राइम पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर जमशेदपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की. इन अपराधियों ने ओड़िशा में रहने वाले व्यक्ति भागीरथी मोहंती से 99, 017 रुपए की ठगी की थी. ठगी में जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल हुआ उसका लोकेशन मानगो में मिला था. इसके बाद मानगो स्थित जवाहर नगर रोड नंबर-4 में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया. सिटी एसपी ने बताया कि अबतक जांच में इस गिरोह द्वारा 30 लाख रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है. ठगी की रकम और बढ़ सकती है.
बैंक अधिकारी बता करते थे कॉल 
जांच में खुलासा हुआ है कि साइबर अपराधी खुद को बैंक का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे. लोगों को बैंक खाता बंद होने का डर दिखाते थे और फिर फर्जी एपीके फाइल भेज उनसे ठगी करते थे. शहर के अलावा ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के कई लोगों को गिरोह ने अपना शिकार बनाया. गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से पुलिस ने 9 मोबाइल, 7 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड आदि बरामद किया है. आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया. सिटी एसपी ने बताया कि ठगी करने के लिए ये अपराधी फर्जी सिम कोलकाता से खरीदते थे. जमशेदपुर में करीब 6 महीने से भाड़ा के घर में रह इनके द्वारा ठगी की जाती थी. यह गिरोह करीब 2 साल से ऐसी घटना कर रहा है. बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार के नेतृत्व में साइबर पुलिस ने यह कार्रवाई की.