केंद्र से पेंशन की राशि नहीं मिलने से 12 हजार लाभुक प्रभावित, JMM प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने उपायुक्त से की चर्चा
पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों में वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन की राशि का पिछले कई महीनों से भुगतान नहीं होने तथा खराब पड़ी पेयजल योजनाओं की समस्या को लेकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मंगलवार को जिले के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के अलग अलग प्रखंडों में वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन की राशि का पिछले कई महीनों से भुगतान नहीं होने और खराब पड़ी पेयजल योजनाओं की समस्या को लेकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मंगलवार को जिले के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की. इस दौरान उन्होंने पेंशन लाभुकों को हो रही परेशानियों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि जिले में कई जगह यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि राज्य सरकार की मइयाँ सम्मान योजना के कारण पेंशन की राशि उपलब्ध नहीं हो पा रही है और इसी वजह से भुगतान में देरी हो रही है. उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार बताया और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया.
मांगी गई रिपोर्ट
मामले पर उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी. अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के स्तर पर पेंशन की कोई राशि लंबित नहीं है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में केंद्र और राज्य दोनों की हिस्सेदारी होती है. जिले की ओर से सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर 5 अक्टूबर को ही केंद्र सरकार के अंश की राशि के भुगतान के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक केंद्र की ओर से राशि प्राप्त नहीं हुई है.
अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा शुरू की गई SNA स्पर्श (SNA SPARSH) डिजिटल फंड ट्रांसफर एवं भुगतान प्रणाली के माध्यम से केंद्र प्रायोजित योजनाओं की राशि का हस्तांतरण किया जाता है. फिलहाल इस प्रणाली के तहत निकासी की मंजूरी नहीं मिलने के कारण पेंशन भुगतान प्रभावित है. पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग 12 हजार पेंशनधारी ऐसे हैं, जिन्हें अब तक पेंशन की राशि नहीं मिल पाई है.
इस संबंध में केंद्र सरकार के स्तर पर लगातार पत्राचार किया जा रहा है. अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि केंद्रांश की राशि प्राप्त होते ही शेष सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में भुगतान कर दिया जाएगा.
उपायुक्त दिया आश्वासन
इसके अलावा कुणाल षाड़ंगी ने चाकुलिया, घाटशिला, डुमरिया समेत जिले के कई प्रखंडों में खराब पड़ी सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजनाओं का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बंद पड़ी योजनाओं की शीघ्र मरम्मत के साथ-साथ नई पेयजल योजनाओं की स्वीकृति एवं उनके क्रियान्वयन में तेजी लाना आवश्यक है. उपायुक्त राजीव रंजन ने पेयजल योजनाओं की स्थिति की जल्द समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
रिपोर्ट- लाला जबीन