टीएनपी डेस्क (TNP DESK): हर साल हजारों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा का सपना देखते हैं और वो अपनी उच्च शिक्षा विदेश में जाकर करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सपनों के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बन जाती है. कई मेधावी बच्चे अच्छे कॉलेजों में चयनित तो हो जाते हैं लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उस कॉलेजों की भारी फीस, रहने-खाने का खर्च नहीं उठा सकते हैं, जिसके कारण वह विदेश में पढ़ाई नहीं कर पाते. ऐसे युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए झारखंड सरकार ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना शुरू की है. यह योजना राज्य के मेधावी छात्रों को दुनिया के प्रतिष्ठित कॉलेजों में पढ़ाई करने का अवसर देती है और उनके खर्चों में आर्थिक सहायता करती है.
यह झारखंड सरकार की ऐसी छात्रवृत्ति योजना है, जिसका उद्देश्य राज्य के मेधावी छात्रों को विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है. योजना का नाम झारखंड के महान आदिवासी नेता और संविधान सभा के सदस्य जयपाल सिंह मुंडा के सम्मान में रखा गया है.
यह छात्रवृत्ति योजना विदेश में पढ़ने करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है. इसके तहत विश्वविद्यालय की ट्यूशन फीस, रहने और खाने का खर्च, स्वास्थ्य बीमा, यात्रा का खर्च और पढ़ाई से जुड़ी अन्य आवश्यक लागतों को शामिल किया जाता है. इससे छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक दबाव कम होता है और विद्यार्थी बिना किसी वित्तीय चिंता के अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर पाते हैं.
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का झारखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है. इसके अलावा अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश प्राप्त करना आवश्यक होता है. योजना के तहत मुख्य रूप से स्नातकोत्तर (Post Graduate) और पीएचडी (PhD) कार्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं. सरकार समय-समय पर पात्रता मानदंडों और आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन भी करती रहती है, इसलिए उम्मीदवारों को नवीनतम दिशा-निर्देशों पर नजर रखना जरूरी होता है.
आवेदन करने वाले छात्रों के पास संबंधित विषय में आवश्यक शैक्षणिक योग्यता होना अनिवार्य है. उम्मीदवारों का चयन केवल आवेदन के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, विदेशी विश्वविद्यालय में प्राप्त प्रवेश, निर्धारित चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार जैसे विभिन्न मानकों को ध्यान में रखकर किया जाता है. इसका उद्देश्य वास्तव में योग्य और प्रतिभाशाली छात्रों को अवसर प्रदान करना है.
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर भी देती है. योजना के माध्यम से राज्य के कई छात्र ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, आयरलैंड सहित दुनिया के प्रतिष्ठित देशों और विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. इन संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर का अनुभव, आधुनिक तकनीकों की समझ और अंतरराष्ट्रीय अवसरों तक पहुंच मिलती है.
विदेश से शिक्षा प्राप्त कर लौटने वाले छात्र न केवल अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं, बल्कि राज्य और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वे अपने ज्ञान, अनुभव के माध्यम से शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान देते हैं.
मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना झारखंड सरकार की एक दूरदर्शी और महत्वाकांक्षी पहल है. यह योजना राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को आर्थिक बाधाओं से मुक्त कर विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है. यदि किसी छात्र के पास प्रतिभा, मेहनत और विदेश में पढ़ाई करने का सपना है, तो यह योजना उसके सपनों को साकार करने का एक मजबूत माध्यम साबित हो सकती है.