हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में एक भीषण सड़क भीषण हादसा हो गया जहां बड़कागांव के 13 माइल से जुगरा जाने वाली ट्रांसपोर्टिंग सड़क ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. लोहा पुल के पास कोयला लोड हाइवा की चपेट में आने से चेपाकला गांव निवासी नरेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान नरेश कुमार महतो के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. देर रात से ही लोगों ने 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर जाम लगा दिया, जो रविवार सुबह तक जारी रहा. सड़क जाम के कारण कोयला ढोने वाले हाइवा सहित अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई और पूरे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
ग्रामीणों के अनुसार, नरेश कुमार महतो अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. लोगों ने प्रशासन और संबंधित कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक सड़क जाम समाप्त नहीं किया जाएगा. सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी थी, जबकि सड़क पर जाम के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.

