हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत

हजारीबाग के हुटपा में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद ट्रक की चपेट में आने से चौपारण बीआरसी के लेखपाल विष्णुनाथ रविदास की मौत हो गई. पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू की.

हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा घटना में चौपारण बीआरसी में लेखपाल के पद पर कार्यरत विष्णुनाथ रविदास की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा सदर प्रखंड क्षेत्र के हुटपा के समीप देर शाम हुआ. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विष्णुनाथ रविदास चौपारण प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे. इसके अलावा उन्हें विष्णुगढ़ में अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था. बताया जा रहा है कि वह विष्णुगढ़ में विभागीय कामकाज निपटाने के बाद टाटीझरिया के रास्ते अपने घर हजारीबाग लौट रहे थे. इसी दौरान सदर प्रखंड के हुटपा नामक स्थान के समीप उनकी मोटरसाइकिल की दूसरी मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई.

दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई टक्कर के बाद विष्णुनाथ रविदास सड़क पर गिर पड़े. इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहा एक ट्रक उन्हें अपनी चपेट में लेते हुए निकल गया. ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने बाद में दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है.

मृतक विष्णुनाथ रविदास हजारीबाग शहर के खिरगांव मोहल्ला स्थित सिरका टोला के निवासी थे. उनकी असामयिक मौत की खबर जैसे ही परिजनों और स्थानीय लोगों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक सामान्य दिन की तरह काम पर निकले विष्णुनाथ के इस तरह दुनिया से चले जाने से परिजन सदमे में हैं.

इस संबंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- शेखर सिंह