हजारीबाग में द ग्रेट खली का क्रेज, एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़, सेल्फी और हाथ मिलाने को बेताब दिखे प्रशंसक
विश्व प्रसिद्ध भारतीय रेसलर द ग्रेट खली को देखने के लिए शुक्रवार को हजारीबाग में प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा. एक निजी ज्वेलरी शॉप के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे खली को देखने के लिए युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
हजारीबाग (HAZARIBAGH): विश्व प्रसिद्ध भारतीय रेसलर द ग्रेट खली को देखने के लिए शुक्रवार को हजारीबाग में प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा. एक निजी ज्वेलरी शॉप के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे खली को देखने के लिए युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. उनके शहर पहुंचते ही प्रशंसकों के बीच उन्हें करीब से देखने, उनके साथ सेल्फी लेने और हाथ मिलाने की होड़ लग गई. खली की मौजूदगी ने पूरे समारोह को खास बना दिया.
हजारीबाग पहुंचने पर द ग्रेट खली ने झारखंडी अंदाज में लोगों का अभिवादन करते हुए 'जोहार हजारीबाग' कहा. उनके इस अंदाज पर वहां मौजूद लोगों ने भी गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया. इस दौरान खली ने अपने खास अंदाज में लोगों से बातचीत की और हजारीबाग के मौसम की जमकर तारीफ की. उन्होंने झारखंड आने के अपने अनुभव भी साझा किए. साथ ही प्रशंसकों की ओर से मिल रहे प्यार और उत्साह को देखकर खुशी जाहिर की.
खली को अपने सामने देखकर प्रशंसकों का उत्साह देखते ही बन रहा था. कई लोग उनके साथ तस्वीर लेने के लिए मोबाइल कैमरे तैयार किए खड़े थे, तो कुछ प्रशंसक उनसे हाथ मिलाने का मौका तलाशते नजर आए. बच्चों और युवाओं में उनके प्रति खास आकर्षण देखने को मिला. हर कोई इस यादगार पल को अपने कैमरे में कैद करना चाहता था.
रेसलिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले द ग्रेट खली की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. निजी ज्वेलरी शॉप के उद्घाटन समारोह में उनकी मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही. कुछ देर के लिए पूरा माहौल उत्साह, रोमांच और सेल्फी के क्रेज से सराबोर हो गया.
रिपोर्ट : शशांक शेखर