गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका, होटल में शादी समारोह के दौरान दो को लगी गोली

हजारीबाग के उपकार होटल में शादी समारोह के दौरान द्वारपूजा के समय विवाद के बाद गोलीबारी हुई. घटना में अर्णव सिंह की मौत हो गई, जबकि अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल होकर रांची रेफर किए गए.

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका, होटल में शादी समारोह के दौरान दो को लगी गोली

हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शहर के उपकार होटल में विवाह समारोह के दौरान अचानक गोलीबारी शुरू हो गई. द्वारपूजा की रस्म के बीच बाराती और सराती पक्ष के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान हुरहुरू स्थित बाबा पथ निवासी अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है. वहीं, घायल अंकित कुमार को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात उपकार होटल में शादी समारोह के साथ संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. बारात चतरा जिले के सिमरिया से आई थी. इसी दौरान द्वारपूजा की रस्म के समय बाराती और सराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. इसी बीच अचानक गोलियां चलने लगीं. गोलीबारी में अर्णव सिंह और अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अर्णव सिंह की मौत हो गई. अंकित कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रांची रेफर कर दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली चलाने का आरोप बारातियों पर लगाया जा रहा है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और गोलीबारी में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है.

इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां बार-बार बेसुध हो रही हैं. जिस घर में शादी की खुशियों का माहौल था, वहां अचानक हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

मृतक के भाई विक्रम ने बताया कि उनके घर के पास ही शादी समारोह आयोजित था और परिवार को विवाह में शामिल होने का निमंत्रण मिला था. इसी निमंत्रण पर उनका भाई अर्णव सिंह उपकार होटल पहुंचा था. वहां अचानक विवाद हुआ और उनके भाई को गोली मार दी गई. विक्रम ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

वहीं, समाजसेवी राजकुमार सोनी ने घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने हजारीबाग की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गोलीबारी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. शादी समारोह के दौरान हुई इस गोलीबारी ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रिपोर्ट: शशांक शेखर