सांसद तीर्थ दर्शन का 100वां और 101वां जत्था रवाना, 130 बुजुर्ग श्रद्धालु करेंगे चार प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन

बड़कागांव से सांसद तीर्थ दर्शन के 100वें और 101वें जत्थे में 130 बुजुर्ग श्रद्धालु रवाना हुए. अब तक 6500 से अधिक लोग इस निःशुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ उठा चुके हैं.
सांसद तीर्थ दर्शन का 100वां और 101वां जत्था रवाना, 130 बुजुर्ग श्रद्धालु करेंगे चार प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन

हजारीबाग (HAZARIBAGH): बुजुर्गों के सम्मान और उनकी तीर्थ दर्शन की अभिलाषा को पूरा करने के उद्देश्य से हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल की ओर से संचालित सांसद तीर्थ दर्शन का 100वां और 101वां जत्था शनिवार को बड़कागांव से भव्य समारोह के बीच  रवाना हुआ.दोनों जत्था में 130 बुजुर्ग श्रद्धालु रवाना हुए .ये श्रद्धालु काशी, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम का दर्शन करेंगे. इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत दो दर्जन से अधिक भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को विदाई दी.

वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच हुई विदाई

बड़कागांव थाना के सामने स्थित मां अंबे परिसर, गुरुचट्टी में इस अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. समारोह की शुरुआत 51 पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ हुई. वहीं, 40 कीर्तन मंडलियों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम में सैकड़ों स्थानीय लोग भी शामिल हुए.

रांची से पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सांसद मनीष जायसवाल अपने संसदीय क्षेत्र के बुजुर्गों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा करा रहे हैं. उनके अनुसार, यात्रियों से किसी तरह की सहयोग राशि नहीं ली जाती है. यह पहल क्षेत्र के लोगों के प्रति सांसद के प्रेम, सम्मान और धार्मिक आस्था को दर्शाती है.

एक महिला की इच्छा से शुरू हुआ तीर्थ यात्रा का अभियान

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान एक महिला ने उनसे चुनाव जीतने के बाद अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कराने का आग्रह किया था. इसी बात से उनके मन में अपने संसदीय क्षेत्र के बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराने का विचार आया. उन्होंने कहा कि जब तक ईश्वर उन्हें शक्ति देंगे, यह अभियान जारी रहेगा.

सांसद ने बताया कि शुरुआत में एक बस के जरिए श्रद्धालुओं को यात्रा कराई जाती थी. लेकिन लोगों की बढ़ती मांग और उत्साह को देखते हुए अब बसों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि एक बार में अधिक से अधिक लोग तीर्थ दर्शन कर सकें.

अब तक 6500 से अधिक श्रद्धालुओं ने किया तीर्थ दर्शन

29 जून 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक लगभग 6500 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा का लाभ उठा चुके हैं. इस बार रवाना हुए बुजुर्ग श्रद्धालु काशी, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम के दर्शन करेंगे.

यात्रा पर निकले बुजुर्गों ने सांसद की इस पहल की सराहना की. श्रद्धालुओं का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई लोग जीवनभर तीर्थ यात्रा का सपना पूरा नहीं कर पाते थे. ऐसे में सांसद मनीष जायसवाल की यह पहल उनके लिए किसी सौगात से कम नहीं है. बुजुर्गों ने इस अवसर के लिए सांसद के प्रति आभार जताया.

रिपोर्ट- शेखर सिंह