हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के दारू थाना क्षेत्र स्थित पुनाई टांड़ के एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में एक शिक्षक पर चौथी कक्षा के छात्र के साथ क्रूरता करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर शिक्षक ने छात्र की डंडे से इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसके शरीर पर गंभीर चोटें आ गईं और वह कक्षा में ही बेहोश होकर गिर पड़ा. पीड़ित छात्र के परिजनों ने दारू थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, इचाक थाना क्षेत्र के लुंदरू गांव निवासी सुनील कुमार गुप्ता का 10 वर्षीय बेटा रौनक गुप्ता एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है. शुक्रवार को जब वह स्कूल पहुंचा तो शिक्षक अजय कुमार ने उससे होमवर्क दिखाने को कहा. छात्र ने तबीयत खराब होने के कारण होमवर्क पूरा नहीं कर पाने की बात बताई. आरोप है कि यह सुनते ही शिक्षक गुस्से में आ गए और डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी.
परिजनों का कहना है कि बच्चा लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन शिक्षक ने उसकी एक नहीं सुनी. लगातार डंडे से मारने के कारण छात्र के नितंब पर गंभीर चोटें आईं और दर्द से तड़पते हुए वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार स्कूल पहुंचा और घायल बच्चे को लेकर प्राचार्या ममता देवी से शिकायत की. हालांकि, छात्र के पिता का आरोप है कि उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें उल्टा धमकाकर वहां से भेज दिया गया.
मामले की शिकायत दारू थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वहीं, स्कूल की प्राचार्या ममता देवी ने कहा कि विद्यालय में किसी भी शिक्षक को छड़ी या डंडे के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है. यदि जांच में शिक्षक की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ स्कूल स्तर पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

