हजारीबाग डेंटल कॉलेज में स्टोर इंचार्ज की हत्या से मचा हड़कंप, CCTV खंगाल रही पुलिस

हजारीबाग डेंटल कॉलेज में स्टोर इंचार्ज की हत्या से मचा हड़कंप, CCTV खंगाल रही पुलिस

हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग के डेमोटांड स्थित कॉलेज ऑफ साइंस डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में कार्यरत स्टोर इंचार्ज विकास कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई. घटना 18 जुलाई की देर रात की बताई जा रही है. मृतक बिहार के रोहतास जिले के अरिहत थाना क्षेत्र के भस्वारा गांव का रहने वाला था. घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

मृतक के रिश्तेदार ब्रजकुमार सिंह ने रसोई में काम करने वाले तीन कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि गिरिडीह निवासी पवन कुमार, भेलवारा गांव निवासी दशरथ यादव और अर्जुन नामक व्यक्ति के साथ विकास की कहासुनी हुई थी. आरोप है कि इन्हीं लोगों ने उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद पवन कुमार और अर्जुन फरार बताए जा रहे हैं, जबकि दशरथ यादव से पुलिस पूछताछ कर रही है.

अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, घटना वाली रात विकास कुमार और तीनों आरोपी एक साथ खाना खाकर अपने कमरे में सोने गए थे. चारों एक ही कमरे में रहते थे. सुबह जब लोग कमरे में पहुंचे तो विकास कुमार सिंह का शव अंदर पड़ा मिला. वहीं पवन कुमार और अर्जुन मौके से गायब थे. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

मुफ्फसिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों पर कुछ भी कहने से बच रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या की वजह और पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा.