हजारीबाग में जंगली हाथियों का तांडव, ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत

हजारीबाग में जंगली हाथियों का तांडव, ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड से सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां खरना पंचायत के बारा गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण की कुचलकर मार डाला. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान भुनेश्वर महतो के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतक घर से शौच के लिए बाहर निकले थे. इसी दौरान गांव के समीप विचरण कर रहे हाथियों के झुंड से उनका सामना हो गया. हाथियों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद हाथियों के डर से ग्रामीण काफी देर तक शव के पास नहीं जा सके. बाद में जब हाथियों का झुंड जंगल की ओर लौट गया, तब ग्रामीणों ने शव देखा और वन विभाग तथा स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत विभाग को देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

घटना के बाद बारा गांव सहित आसपास के कई गांवों में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास घूम रहा है, जिससे लोगों का रात में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने और मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना बार बार ना हो.