हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार को पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया. बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी हुई. मुठभेड़ में गैंग का एक सदस्य घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे.
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान सैयद मोहम्मद जीशान के पैर में गोली लगी, जिससे वह भाग नहीं सका. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे और इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए. उनकी तलाश में आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हजारीबाग का रहने वाला है और पहले एनटीपीसी तथा लातेहार क्षेत्र में ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है. पुलिस को संदेह है कि दो दिन पहले कोयला परिवहन में लगी हाईवा गाड़ियों पर हुई फायरिंग की घटना में भी इसी गैंग की भूमिका थी. उस हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर प्रिंस खान ने स्वयं ली थी, जिसके बाद से पुलिस गैंग के सदस्यों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी.
घटनास्थल से हथियार बरामद
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया था.
कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल और एक खाली कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस ने इन्हें जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी कानून के शिकंजे में लाया जाएगा.

