40 घंटे से NH-19 पर महाजाम, सांसद-विधायक ने डीसी से की मुलाकात, एक सप्ताह में राहत का भरोसा

बरही विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पिछले 40 से 42 घंटे से जारी भीषण जाम ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. बरही से चौपारण तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है. स्थिति यह है कि लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में कई घंटे लग रहे हैं

40 घंटे से NH-19 पर महाजाम, सांसद-विधायक ने डीसी से की मुलाकात, एक सप्ताह में राहत का भरोसा

हजारीबाग (HAZARIBAGH): बरही विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पिछले 40 से 42 घंटे से जारी भीषण जाम ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. बरही से चौपारण तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है. स्थिति यह है कि लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में कई घंटे लग रहे हैं. इस गंभीर समस्या को लेकर शुक्रवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और बरही विधायक मनोज यादव ने उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की. बैठक में एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी भी मौजूद रहे.

बैठक के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि जाम से तत्काल राहत दिलाने के लिए अस्थायी उपायों पर उपायुक्त और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है. अगले एक सप्ताह में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगेंगे. शनिवार को उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार अधिकारियों की टीम के साथ जाम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्णय लेंगे. सांसद ने कहा कि पिछले दस वर्षों से सड़क निर्माण कार्य जारी है. बरसात में सड़क की मरम्मत होती है, लेकिन अगली बारिश में सड़क फिर खराब हो जाती है. इससे जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. उन्होंने जल्द निर्माण पूरा कराने की आवश्यकता पर जोर दिया.

वहीं विधायक मनोज यादव ने कहा कि बरही से चौपारण तक लगातार जाम के कारण जनजीवन प्रभावित है. कई-कई घंटे तक वाहन फंसे रहते हैं. उन्होंने बताया कि महुदी, बारा और रसोइया धमना के पास सड़क संकरी होने के कारण जाम की स्थिति बनती है. उपायुक्त ने इन स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण और कालीकरण कराने का निर्देश दिया है. डीसी और एसपी स्वयं स्थल निरीक्षण कर समस्या के समाधान की दिशा में पहल करेंगे.

इधर, एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी ने बताया कि महुदी के पास लगाए गए एनजेवी को पीछे करने, सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने और सड़क के शोल्डर की चौड़ाई बढ़ाने की योजना बनाई गई है. पीक आवर्स में यातायात सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक मार्शलों की संख्या भी बढ़ाई गई है. उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का काम रात से ही शुरू कर दिया गया है. साथ ही वाहन चालकों से गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और अनधिकृत कट से सड़क पार नहीं करने की अपील की. अब देखना होगा कि सांसद और विधायक की पहल से एनएच-19 पर जाम की समस्या से लोगों को कब तक राहत मिलती है.

रिपोर्ट- शेखर सिंह