हज़ारीबाग़: स्वैग इन रेस्टोरेंट में पुलिस का बड़ा एक्शन, छापेमारी से मची भगदड़, कई युवक-युवतियां हिरासत में

हज़ारीबाग़: स्वैग इन रेस्टोरेंट में पुलिस का बड़ा एक्शन, छापेमारी से मची भगदड़, कई युवक-युवतियां हिरासत में

हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग जिले में रविवार को पुलिस ने एक होटल में अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया. कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा स्थित एक होटल में की गई इस कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि पुलिस की भनक लगते ही कुछ लोग मौके से फरार होने में सफल रहे. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

जानकारी के अनुसार, पुलिस को होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर कोर्रा थाना की टीम ने बिना देर किए होटल में दबिश दी. पुलिस को देखते ही होटल में मौजूद कुछ युवक-युवतियां जल्दबाजी में वहां से निकल गए, जबकि कई लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में ठहरे लोगों की पहचान क्या है, वे किस उद्देश्य से वहां पहुंचे थे और क्या होटल प्रबंधन ने उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया था. जांच के दौरान होटल के रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. छापेमारी के बाद पुलिस ने एहतियातन होटल को तत्काल बंद करा दिया है. वहीं होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि होटल में ठहरने वाले लोगों के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं.

कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद होटल संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है.