हजारीबाग में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, उरीमारी-गिद्दी बॉर्डर के पास राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय शूटर गिरफ्तार
हजारीबाग जिला पुलिस को संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने उरीमारी थाना क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से आ रहे कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को धर दबोचा है.
हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिला पुलिस को संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने उरीमारी थाना क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से आ रहे कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को धर दबोचा है. पकड़े गए अपराधी के पास से चार जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है. पुलिस की इस तत्परता से कोयलांचल क्षेत्र में होने वाली एक संभावित बड़ी वारदात टल गई.
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को 3 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि राहुल दुबे गिरोह का एक सक्रिय सदस्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर गिद्दी टेहरा टांड के रास्ते उरीमारी की तरफ आ रहा है. वह क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बड़कागांव) अमित आनंद (भा०पु०से०) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया.
सीमावर्ती पुलिया के पास घेराबंदी
गठित पुलिस टीम ने सामरिक रणनीति अपनाते हुए गरसुल्ला, उरीमारी-गिद्दी बॉर्डर स्थित पुलिया के पास मोर्चा संभाला और वाहनों की सघन निगरानी शुरू की. इसी दौरान गिद्दी की ओर से तेजी से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर युवक को रोक लिया.
पुलिस द्वारा अचानक रोके जाने और देर रात उरीमारी आने का कारण पूछे जाने पर वह घबराने लगा और कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान 25 वर्षीय निर्मल पंडित उर्फ सुमित, पिता कैलाश पंडित, निवासी गोलपार, रामगढ़ कैंट, थाना और जिला रामगढ़ के रूप में बताई.
तलाशी में कारतूस और हथियारों की तस्वीरें बरामद
संदेह गहराने पर जब पुलिस बल ने उसकी विधिवत तलाशी ली, तो उसके पास से 7.62 MM के चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. पुलिस ने जब उसके मोबाइल फोन की गैलरी और प्राइवेसी सेटिंग्स की जांच की, तो उसमें पिस्टल के साथ अलग-अलग पोज में खींची गई कई तस्वीरें पाई गईं. पुलिस टीम ने तकनीकी नियमों का पालन करते हुए इन तस्वीरों का विधिवत ई-साक्ष्य तैयार किया.
गिरोह से संबंध स्वीकारा, भेजा गया जेल
सभी सामानों की जब्ती सूची बनाकर आरोपी निर्मल पंडित को गिरफ्तार कर थाने लाया गया. पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह कुख्यात राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा है और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के मकसद से ही उरीमारी क्षेत्र में दाखिल हो रहा था.
इस संबंध में बड़कागांव (उरीमारी) थाने में कांड संख्या 196/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)b, 111(3), 317(5) तथा 25(1-B)a/25(6)/26 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह