हजारीबाग:झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ के शाहपुर गांव में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग पर ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस अमानवीय घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची की मां ने उसे अपने घर के दरवाजे पर खेलने के लिए छोड़ा था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी बुजुर्ग सरयू सिंह मासूम को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया और इस घिनौने कृत्य को अंजाम देने लगा. बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब मां तुरंत वहां पहुंची, तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ. आरोपी के चंगुल से बच्ची को छुड़ाने की जद्दोजहद के दौरान मासूम को हल्की चोटें भी आई हैं.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिना कोई वक्त गंवाए आरोपी को हिरासत में ले लिया. पीड़ित बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और फोरेंसिक जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस वारदात की खबर फैलते ही शाहपुर और आसपास के गांवों में भारी तनाव और गुस्सा फैल गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घिनौनी हरकतें समाज के माथे पर कलंक हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और अपराधी को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की है ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए.

