हजारीबाग: सेना के जवान की संदिग्ध मौत, मंदिर के पीछे फंदे से लटका मिला शव

हजारीबाग के कटकमसांडी में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान धनंजय कुमार देव का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

हजारीबाग: सेना के जवान की संदिग्ध मौत, मंदिर के पीछे फंदे से लटका मिला शव

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले से एक घटना सामने आई है. कटकमसांडी थाना क्षेत्र की कंचनपुर पंचायत के पुरनाडीह गांव में शुक्रवार को एक आर्मी जवान का शव काली मंदिर के पीछे रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान पुरनाडीह निवासी रामकुमार देव के पुत्र धनंजय कुमार देव के रूप में हुई है. धनंजय भारतीय सेना में कार्यरत था और वर्तमान में बंगाल में उसकी पोस्टिंग थी. जानकारी के अनुसार, वह करीब एक माह की छुट्टी लेकर घर आया हुआ था और शुक्रवार को ही छुट्टी पूरी होने के बाद ड्यूटी पर लौटने वाला था. सुबह वह घर से घूमने के लिए निकला था. कुछ देर बाद मंदिर के पीछे उसका शव मिलने की सूचना परिवार और ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

बताया गया कि धनंजय तीन भाइयों में सबसे छोटा था और करीब 10 वर्ष पहले भारतीय सेना में उसकी नौकरी लगी थी. वह अविवाहित था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सूचना मिलने पर कटकमसांडी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है. वहीं, कंचनपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा ने जवान की मौत पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि सेना में सेवा दे रहे जवान की इस तरह मौत बेहद दुखद है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए.

फिलहाल धनंजय की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया. परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जवान की अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.