हजारीबाग: रिटायर्ड शिक्षक को दिनदहाड़े मारी गोली, बाइक सवार हमलावर फरार

हजारीबाग के सूर्यपूरा में बाइक सवार बदमाश ने रिटायर्ड शिक्षक रामजय महथा को गोली मारकर घायल कर दिया. पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश कर रही है.

हजारीबाग: रिटायर्ड शिक्षक को दिनदहाड़े मारी गोली, बाइक सवार हमलावर फरार

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले से एक घटना सामने आई है जहां पदमा प्रखंड अंतर्गत सूर्यपूरा में रविवार को एक सेवानिवृत्त शिक्षक को बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने गोली मारकर घायल कर दिया. गोली लगने से घायल शिक्षक की पहचान रामजय महथा के रूप में हुई है. बताया गया कि गोली उनकी कमर में लगी है. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया. फिलहाल उनका इलाज रांची में कराया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, रामजय महथा रविवार को सूर्यपूरा मेडिकल चौक के पास दाढ़ी बनवाने के लिए गए थे. दाढ़ी बनवाने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से एक बाइक सवार वहां पहुंचा और अचानक उन पर गोली चला दी. गोली शिक्षक की कमर में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक गोली चलाने की वजह और हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.