हजारीबाग: जमीन विवाद में रिटायर्ड DSP से मारपीट, टूटा दांत, चार लोगों पर केस दर्ज.
हजारीबाग के केसूरा गांव में जमीन विवाद के दौरान रिटायर्ड डीएसपी मदन मोहन सिन्हा के साथ मारपीट की गई. घटना में उनका एक दांत टूट गया. पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के केसूरा गांव में जमीन विवाद को लेकर सेवानिवृत्त डीएसपी मदन मोहन सिन्हा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनका एक दांत भी टूट गया. मारपीट के बाद उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दिए गए आवेदन में मदन मोहन सिन्हा ने बताया कि वह केसूरा गांव स्थित अपनी जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और काम बंद कराने लगे. इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि चार लोगों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. इस दौरान उन्हें कई चोटें आईं और उनका एक दांत टूट गया. घटना के बाद उन्होंने तुरंत मुफ्फसिल थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
मामले में पुलिस ने सिलवार गांव निवासी किशोरी प्रसाद मेहता तथा बड़ासी गांव निवासी उमेश मेहता, राजेश मेहता और जागेशर मेहता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जमीन विवाद और मारपीट से जुड़े सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.