HAZARIBAGH:हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. 25 जुलाई की रात हुए इस गोलीकांड की जांच के दौरान पुलिस ने पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लिया था. पूछताछ के बाद पुलिस टीम उसे हथियार और बम की बरामदगी के लिए लेकर गई थी. इसी दौरान पुलिस के अनुसार, अंकित ने एक जवान को धक्का देकर बरामद पिस्तौल अपने कब्जे में ले ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की.
पुलिस ने बताया कि आरोपी की ओर से गोली चलाए जाने के बाद जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस की गोली अंकित के पैर में लगी. गोली लगने के बाद वह घायल होकर मौके पर गिर गया. पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है. फिलहाल उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी. अचानक हुई गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. सूचना मिलने पर बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इस मामले में बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था.
पुलिस की जांच के दौरान घटनास्थल से गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह K.S.S. के नाम से धमकी भरे पर्चे मिलने की बात सामने आई थी. इसके बाद पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई. इसी क्रम में पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय की भूमिका संदिग्ध पाई गई और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर हथियार और बम की बरामदगी के लिए टीम उसे लेकर गई थी. इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी को धक्का देकर पिस्तौल उठा ली और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद करने का दावा किया है. अब पुलिस गोलीकांड में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करने के साथ घटना के पीछे की वजह और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है. मामले में आगे की जांच जारी है.

