हजारीबाग: छठ महापर्व की तैयारी में जुटी पुलिस, एसपी समेत जवानों ने संभाली कमान

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग में तैयारियां तेज हो गई हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सफाई अभियान चलाया.

हजारीबाग: छठ महापर्व की तैयारी में जुटी पुलिस, एसपी समेत जवानों ने संभाली कमान

हजारीबाग (HAZARIBAGH): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग में तैयारियां तेज हो गई हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सफाई अभियान चलाया. इस दौरान जिले के विभिन्न छठ घाटों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया.

चलाया विशेष अभियान

इस विशेष अभियान में हजारीबाग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी, सभी एसडीपीओ, डीएसपी सहित पुलिस अधीक्षक अमन कुमार स्वयं मौजूद रहे. पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने झील क्षेत्र स्थित छठ घाट पर पहुंचकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया. सभी ने मिलकर घाट परिसर की साफ-सफाई की और छठ पूजा के लिए घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया.

पुलिस अधीक्षक ने की मीडिया से बातचीत

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए शहर के विभिन्न छठ घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है. कई सामाजिक संगठन और समाज के जागरूक लोग भी इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं. इसी कड़ी में हजारीबाग पुलिस ने भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए श्रमदान करने का निर्णय लिया.

Image

छठ घाटों पर किया श्रमदान

उन्होंने कहा कि आज हजारीबाग पुलिस के पदाधिकारियों और जवानों ने झील क्षेत्र स्थित छठ घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई की है. इसका उद्देश्य यह है कि छठ महापर्व के अवसर पर यहां पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को स्वच्छ वातावरण और साफ-सुथरा घाट उपलब्ध हो सके. एसपी ने सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की. पुलिस के इस अभियान से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि त्योहारों की तैयारी केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है. हजारीबाग पुलिस की इस पहल को सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है.

रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह