हजारीबाग: स्टेशन से लापता बच्ची बरही में मिली, पुलिस ने किया सकुशल बरामद

हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन से लापता हुई नवादा की बच्ची छोटी कुमारी को बरही थाना क्षेत्र से पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. बच्ची के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली.

हजारीबाग: स्टेशन से लापता बच्ची बरही में मिली, पुलिस ने किया सकुशल बरामद

हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले के टाउन रेलवे स्टेशन से लापता हुई बिहार के नवादा जिले की बच्ची छोटी कुमारी के मामले में राहत की खबर सामने आई है. बच्ची को बरही थाना क्षेत्र में घूमते हुए देखा गया, जिसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने इसकी सूचना बरही थाना प्रभारी को दी. सूचना मिलते ही बरही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. बच्ची के मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में खुशी का माहौल हो गया. बच्ची के पिता मनोज यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य बरही थाना पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं. पुलिस बच्ची को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.

परिजनों के मुताबिक, छोटी कुमारी का रांची में इलाज चल रहा था. इलाज के बाद परिवार ट्रेन से नवादा लौट रहा था. इसी दौरान बच्ची की मां ट्रेन के शौचालय में चली गईं. मां को आसपास मौजूद नहीं देखकर छोटी कुमारी ट्रेन से नीचे उतर गई. इसके बाद वह परिवार से बिछड़ गई और काफी देर तक उसका पता नहीं चल सका. बच्ची के लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की गई. परिवार ने बच्ची के बारे में लोगों से जानकारी साझा कर मदद की अपील भी की थी.

परिजनों ने बताया कि छोटी कुमारी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती है, जिसके कारण उसके अचानक घर से दूर चले जाने को लेकर परिवार पहले से चिंतित था. ऐसे में बच्ची के सकुशल बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है. पुलिस की सक्रियता और स्थानीय व्यक्ति की सूचना से बच्ची को समय रहते खोज लिया गया. परिजनों ने बच्ची की तलाश में सहयोग करने वाले लोगों और बरही पुलिस के प्रति आभार जताया है. फिलहाल, पुलिस ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिवार को सौंपने की तैयारी कर रही है.