हजारीबाग में तालाब में डूबने से कक्षा 3 के छात्र की मौत, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हजारीबाग के जबरा रोड स्थित वनांचल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में कक्षा 3 के छात्र अर्पित कुमार सिंह की तालाब में डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है.
हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग के जबरा रोड स्थित वनांचल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में कक्षा 3 के छात्र अर्पित कुमार सिंह की तालाब में डूबने से मौत हो गई. बच्चे की उम्र करीब सात वर्ष थी. वहीं, उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों के मुताबिक, अर्पित स्कूल परिसर में था, इसी दौरान प्लास्टिक की गेंद लेने के लिए वह रेलिंग पार कर तालाब की ओर चला गया. पानी के पास पहुंचने के बाद वह तालाब में गिर गया और डूब गया. हादसे की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद परिजन पहुंचे स्कूल
हादसे की सूचना मिलने के बाद अर्पित के परिजन स्कूल पहुंचे. परिजनों ने स्कूल परिसर की स्थिति को लेकर नाराजगी भी जताई और आरोप लगाया है कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने परिसर में ताला लगा दिया और वहां से चले गए.
जांच से सामने आएंगी हादसे की परिस्थितियां
घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है. परिजन पूरे मामले की जांच कर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. परिजनों का साफ कहना है कि स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच जरूरी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, छात्र तालाब तक कैसे पहुंचा और परिसर में सुरक्षा के क्या प्रबंध किए गए थे, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद आवासीय विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.