हजारीबाग में दोस्ती का खूनी अंजाम! 4 दिन से लापता युवक की गोली मारकर हत्या, दामोदर नदी से मिला शव
हजारीबाग के केरेडारी में 25 अगस्त से लापता युवक संदीप ठाकुर का शव रविवार को दामोदर नदी से बरामद हुआ है. पुलिस ने गांव के 18 वर्षीय दोस्त को हिरासत में लिया है.
हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते पर सवाल खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. पाताल पंचायत के कोली गांव निवासी संदीप ठाकुर 25 अगस्त से लापता था. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 29 अगस्त को केरेडारी थाने में इसकी सूचना दी गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए गांव के ही 18 वर्षीय शनिचर गंझू उर्फ शनि को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने संदीप की हत्या करने की बात स्वीकार की है. शुरुआती जानकारी में संदीप को गोली मारने की बात सामने आई है. दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके बीच दोस्ती थी.
पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर संदीप के शव की तलाश शुरू की गई. आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को दामोदर नदी में फेंक दिया गया था. इसके बाद पुलिस टीम ने नदी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया. जिसके बाद रविवार को पुलिस ने दामोदर नदी से संदीप ठाकुर का शव बरामद कर लिया. शव मिलने के बाद मामले की जांच में तेजी आई है. पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है. इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है. पुलिस आरोपी से आगे भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके.
संदीप के शव की तलाश के दौरान पुलिस को दामोदर नदी क्षेत्र में एक और शव मिलने की सूचना मिली. दूसरे शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वह शव नदी तक कैसे पहुंचा. इस मामले की भी अलग से जांच की जा रही है. वहीं, संदीप की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मृतक और आरोपी दोनों केरेडारी प्रखंड की पाताल पंचायत के कोली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस अब दोस्ती के बावजूद हत्या की वजह क्या थी, इसकी पड़ताल कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.