हजारीबाग: 60 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने डसा, इलाज़ के दौरान मौत

हजारीबाग के केरेडारी में रसल वायपर के डंसने से 60 वर्षीय दुखी साव की मौत हो गई. परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.

हजारीबाग: 60 वर्षीय बुजुर्ग को सांप ने डसा, इलाज़ के दौरान मौत

हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले के केरेडारी प्रखंड क्षेत्र में सांप के डंसने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. मृतक की पहचान सलगा पंचायत के बड़कीटांड़ टोला निवासी दुखी साव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सोमवार को दुखी साव अपने घर के सामने बने मचान के पास किसी जरूरी काम से गए थे. इसी दौरान अचानक एक सांप ने उन्हें डंस लिया. घटना के बाद परिजन घबरा गए और तत्काल आसपास के ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केरेडारी ले जाया गया.

परिजनों ने बताया कि सांप के डंसने के बाद दुखी साव की हालत लगातार बिगड़ने लगी थी. उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया, ताकि समय रहते उपचार मिल सके. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केरेडारी में चिकित्सक डॉ. सुधांशु कुमार ने उनकी जांच की. जांच के बाद चिकित्सक ने दुखी साव को मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि जिस सांप ने उन्हें डंसा था, उसकी पहचान रसल वायपर के रूप में की गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोगों में भी चिंता और दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अक्सर सांप निकलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

दुखी साव की अचानक हुई मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद बड़कीटांड़ टोला में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में सांप के काटने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है. समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से कई मामलों में जान बचाई जा सकती है. फिलहाल इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और परिवार के लोग सदमे में हैं.