हजारीबाग: हाइवा की चपेट में आने से 52 वर्षीय ग्रामीण की मौत, आक्रोशित लोगों ने रोकी कोयला ढुलाई
हजारीबाग के चेपाकलां में तेज रफ्तार कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से 52 वर्षीय जयपाली महतो की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कोयला परिवहन रोककर मुआवजा और सड़क सुरक्षा की मांग की.
हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिल के बड़कागांव थाना क्षेत्र के डाड़ीकलां ओपी अंतर्गत चेपाकलां में शुक्रवार को कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से 52 वर्षीय जयपाली महतो की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा करीब NTPC के त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड की बिल्डिंग के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, मंझली डाड़ी निवासी जयपाली महतो अपने नए आवास से बकरी के लिए चारा लाने जंगल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें कुचल दिया. हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.
जयपाली महतो कोयला खनन परियोजना से प्रभावित-विस्थापित परिवार से थे. ग्रामीणों के मुताबिक, कोल माइंस के कारण मंझली डाड़ी स्थित उनका पुराना घर विस्थापित हो गया था, जिसके बाद उन्होंने पकरी बरवाडीह में नया आवास बनाया था. मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर कोयला परिवहन रोक दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर कोयला ढोने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने मुआवजा, सड़क सुरक्षा और वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की.
वहीं, त्रिवेणी सैनिक के एचआर उत्तम झा ने बताया कि कोयले की ट्रांसपोर्टिंग त्रिवेणी सैनिक द्वारा नहीं, बल्कि दूसरी कंपनी के माध्यम से कराई जाती है. उन्होंने मामले की जानकारी लेने की बात कही. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल हाइवा तथा उसके चालक की पहचान की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन किस कंपनी के अधीन परिवहन कर रहा था. फिलहाल, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की जिम्मेदारी और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.