हजारीबाग: मत्स्य विभाग परिसर में मिला लहूलुहान अज्ञात शव, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

हजारीबाग: मत्स्य विभाग परिसर में मिला लहूलुहान अज्ञात शव, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में अज्ञात शव मिलने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. इसको लेकर सोमवार को शहर स्थित मत्स्य विभाग परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे मुक्ति सेवा संस्थान के नीरज कुमार ने परिसर में खून से लथपथ शव पड़ा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर सबूत जुटाने की कार्रवाई की, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है.

पुलिस के अनुसार, शव पर मिले चोट के निशान और उसकी खून से सनी हालत को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है. जांच अधिकारी हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.

आपको बता दें, ये कोई पहला मामला नहीं है जब हजारीबाग में अज्ञात शव मिला हो. जिले में हाल के दिनों में अज्ञात शव मिलने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार को बरामद शव हालिया दिनों में मिला चौथा अज्ञात शव बताया जा रहा है. इससे पहले टाउन स्टेशन के पास मालगाड़ी से, हीराबाग क्षेत्र और चुरचू थाना क्षेत्र से भी अज्ञात शव बरामद किए जा चुके हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.