बड़ी खबर: कोयला कंपनी ऋत्विक के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पर्चा वायरल
हजारीबाग के पगार ओपी क्षेत्र में कोयला खनन कंपनी ऋत्विक के मुख्य गेट पर बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की. घटनास्थल से तीन खोखे मिले हैं. राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पर्चा भी वायरल हुआ है.
हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों ने कोयला खनन कंपनी ऋत्विक को निशाना बनाते हुए उसके मुख्य गेट पर अंधाधुंध गोलीबारी की. पगार ओपी थाना क्षेत्र में बीती रात हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं. वहीं, घटना के बाद सोशल मीडिया पर कथित तौर पर राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पर्चा वायरल होने से मामला और गंभीर हो गया है.
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो अपराधियों ने ऋत्विक कंपनी के मेन गेट पर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पगार ओपी थाना प्रभारी दिनेश मंडल के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई है. इसमें बाइक सवार दो संदिग्ध वारदात के बाद भागते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

इधर, सोशल मीडिया पर प्रकाश सुकला नाम से एक व्यक्ति ने पोस्ट जारी कर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पोस्ट में ऋत्विक कंपनी के गेट पर आठ से दस राउंड फायरिंग करने की बात कही गई है. इसके साथ ही कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, मुंशियों और अन्य स्टाफ को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है. कथित पोस्ट में कंपनी का काम बंद कराने और साइट पर बम फेंकने की चेतावनी भी दी गई है.
वहीं, राहुल दुबे गैंग के नाम से एक कथित धमकी भरा पर्चा भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कंपनी से जुड़े सतीश नामक व्यक्ति को संबोधित करते हुए सेटलमेंट नहीं होने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है. पर्चे पर राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश सुकला के नाम दर्ज हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने के दावों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी के पीछे किसका हाथ है और कंपनी को धमकी देने वाले लोगों का इस घटना से क्या संबंध है.
रिपोर्ट : शशांक शेखर