दीपावली के बाद हजारीबाग में निभाई जाती है अनोखी परंपरा, जानें क्या है दसामसा जलाना
आधुनिकता के दौर में भी हजारीबाग के ग्रामीण इलाकों में सदियों पुरानी लोकपरंपराएं अपनी पहचान बनाए हुए हैं. दीपावली के अगले दिन दुख-दरिद्रता को गांव से बाहर भगाने की ऐसी ही एक अनोखी परंपरा जगड़ा जोगीडीह गांव में देखने को मिली.
हजारीबाग: आधुनिकता के दौर में भी हजारीबाग के ग्रामीण इलाकों में सदियों पुरानी लोकपरंपराएं अपनी पहचान बनाए हुए हैं. दीपावली के अगले दिन दुख-दरिद्रता को गांव से बाहर भगाने की ऐसी ही एक अनोखी परंपरा जगड़ा जोगीडीह गांव में देखने को मिली. स्थानीय भाषा में इसे ‘दसामसा जलाना’ कहा जाता है. इस परंपरा के तहत दीपावली की रात घरों के पुराने सूप, दउरा और टोकरी को घर के बाहर रखा जाता है. अगले दिन अहले सुबह ग्रामीण इन वस्तुओं को डंडे से बजाते हुए पूरे गांव का भ्रमण करते हैं. इसके बाद गांव के चौराहे पर सभी वस्तुओं को एकत्रित कर विधि-विधान के साथ जलाया जाता है.
सदियों से चली आ रही ये परंपरा
ग्रामीणों की मान्यता है कि इस परंपरा के निर्वहन से गांव और घर से दुख-दरिद्रता, नकारात्मक शक्तियों तथा बुरे प्रभावों का अंत होता है और सुख-समृद्धि का आगमन होता है. इस आयोजन में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ शामिल होते हैं. स्थानीय ग्रामीण दिवाकर मिश्रा और दिलीप सिंह बताते हैं कि यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है. आज भी ग्रामीण पूरी आस्था और उत्साह के साथ इसका पालन करते हैं. ‘दसामसा जलाने’ की यह परंपरा हजारीबाग की समृद्ध ग्रामीण संस्कृति और लोकविश्वास की अनूठी पहचान बनी हुई है.
रिपोर्ट: शशांक शेखर सिंह