छठ पूजा से पहले बुझ गया परिवार का इकलौता चिराग, बुर्किना फासो में प्रवासी मजदूर की मौत
हजारीबाग के विष्णुगढ़ निवासी प्रवासी मजदूर सुरेश सिंह की बुर्किना फासो में टावर लाइन पर काम के दौरान मौत हो गई. पत्नी और बच्चे शव के भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं. परिवार ने मुआवजे और शव वापसी के लिए सरकार से गुहार लगाई है.
हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड क्षेत्र में एक बार फिर प्रवासी मजदूर की मौत ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. कुसुम्भा निवासी सुरेश सिंह की पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में पांच नवंबर को टावर लाइन में काम करने के दौरान मौत हो गई. दीपावली से ठीक पहले परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य दुनिया छोड़ गया. पीछे दिव्यांग पिता, बुजुर्ग मां, पत्नी संजू देवी, दो बेटे और एक मासूम बेटी हैं. घर की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है. घटना के चार दिन बाद भी शव भारत नहीं पहुंच सका है. बता दे, की पत्नी और बच्चे अंतिम दर्शन की आस लगाए बैठे हैं. वहीं स्थानीय मुखिया दुलारचंद पटेल ने कंपनी और ठेकेदार से 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है. साथ ही केंद्र और राज्य सरकार से शव की शीघ्र वापसी, उचित मुआवजे और विष्णुगढ़ में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि पलायन के कारण किसी और परिवार का चिराग न बुझे.
टावर लाइन पर काम के दौरान गई जान
मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश सिंह बुर्किना फासो में टावर लाइन से जुड़े काम में लगे थे. इसी दौरान पांच नवंबर को उनकी मौत हो गई. घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका शव भारत नहीं पहुंच सका है. परिवार को अब तक शव की वापसी का इंतजार है. पत्नी संजू देवी और बच्चे इस उम्मीद में हैं कि वे आखिरी बार सुरेश का चेहरा देख सकेंगे.
पीछे छूट गया पूरा परिवार
सुरेश सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में दिव्यांग पिता, बुजुर्ग मां, पत्नी संजू देवी, दो बेटे और एक छोटी बेटी हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है. ऐसे में सुरेश की मौत ने परिजनों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा कर दिया है. परिवार के लिए यह नुकसान केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी बड़ा झटका है.
50 लाख मुआवजे और शव वापसी की मांग
स्थानीय मुखिया दुलारचंद पटेल ने इस मामले में कंपनी और ठेकेदार से 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने केंद्र और झारखंड सरकार से भी हस्तक्षेप कर सुरेश सिंह का शव जल्द भारत लाने और परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है. मुखिया ने विष्णुगढ़ क्षेत्र में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है. उनका कहना है कि रोजगार की तलाश में लोगों को विदेशों में जाना पड़ता है. स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, तो मजदूरों को परिवार से दूर जाने की मजबूरी कम होगी और ऐसे हादसों से दूसरे परिवारों को बचाया जा सकेगा.
रिपोर्ट- शेखर सिंह