हजारीबाग में 285 लीटर अवैध महुआ शराब और 6 बाइक जब्त, पुलिस को देख तस्कर फरार

हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब और छह मोटरसाइकिल जब्त की हैं. पुलिस का दावा है कि जांच में सभी बाइक चोरी की मिलीं. पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद कथित तस्कर बाइक छोड़कर नदी की ओर भाग निकले.

हजारीबाग में 285 लीटर अवैध महुआ शराब और 6 बाइक जब्त, पुलिस को देख तस्कर फरार

हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है. अम्बातरी गांव के पास छापेमारी कर पुलिस ने करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ 6 मोटरसाइकिल जब्त की हैं. पुलिस का दावा है कि जांच में सभी 6 मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई हैं. पुलिस को देखते ही शराब तस्कर बाइक छोड़कर नदी की ओर भाग निकले.

पुलिस के अनुसार, हजारीबाग SP को 19 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि अम्बातरी गांव के रास्ते मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब बिहार भेजी जा रही है. सूचना यह भी थी कि शराब की तस्करी में चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया जा रहा है.

इसके बाद चौपारण थाना पुलिस की एक टीम बनाई गई और अम्बातरी नदी के आसपास छापेमारी की गई. पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोग मोटरसाइकिल छोड़कर नदी की ओर भाग गए. इसके बाद पुलिस ने मौके पर खड़ी बाइक और उस पर लदी शराब को जब्त कर लिया.

पांच नामजद तस्करों और बाइक मालिकों पर केस

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो स्पलेंडर, दो होंडा साइन, एक ग्लैमर और एक TVS मोटरसाइकिल बरामद की. इन बाइक पर करीब 285 लीटर महुआ शराब लदी हुई थी. पुलिस ने जब्त बाइक के इंजन, चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की. पुलिस के मुताबिक, जांच में सभी छह मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं. इसके बाद चौपारण थाना में पांच नामजद शराब तस्करों और छह मोटरसाइकिल मालिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

जब्त वाहनों में ग्लैमर BR02AP-7939, स्पलेंडर BR01HL-9692, होंडा साइन BR02BF-8914, स्पलेंडर BR02BC-6097, होंडा साइन JH10BG-9168 और TVS BR01EH-8248 शामिल हैं. छापेमारी टीम में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सुबिन्द्र राम, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और बिहार में इसे कहां पहुंचाया जाना था.