7 साल के मासूम के सामने दो सगे भाइयों ने पत्नियों का किया ये हाल, फिर एंबुलेंस में शव को.....
दो सगे भाइयों पर अपनी पत्नियों की टांगी से हत्या करने का आरोप है. दोनों शवों को एंबुलेंस से वीरू जंगल ले जाकर दफनाया गया. पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
गुमला (GUMLA): झारखंड के गुमला जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की टांगी से काटकर हत्या कर दी. इसके बाद दोनों महिलाओं के शव एंबुलेंस से सिमडेगा जिले के वीरू जंगल ले जाकर दफना दिए. बताया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात को दोनों भाइयों ने अपने सात वर्षीय बेटे के सामने अंजाम दिया. मामले में दोनों आरोपियों ने मंगलवार को गुमला थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए हैं.
मृत महिलाओं की पहचान विंध्याचल नगर के नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है. उनके पति शिव शंकर साहू और नवीन साहू सगे भाई हैं. जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों का अपनी-अपनी पत्नियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामला थाना और कोर्ट तक पहुंच चुका था. शनिवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए थे.
आरोप है कि समझौते के बाद दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों की हत्या कर दी और शवों को एंबुलेंस से सिमडेगा थाना क्षेत्र के वीरू जंगल स्थित जलेबी मोड़ के पास ले जाकर दफना दिया. मंगलवार को दोनों आरोपी अपने सात वर्षीय बच्चे के साथ गुमला थाना पहुंचे. शुरुआत में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली.
आरोपियों की निशानदेही पर मंगलवार शाम पुलिस वीरू जंगल पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण शवों की तलाश नहीं हो सकी. बुधवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस की तीन सदस्यीय टीम दोबारा जंगल में तलाशी के लिए रवाना हुई. काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.
वहीं, मृत महिलाओं के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों महिलाओं को उनके पति लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे. इस संबंध में मामला कोर्ट में भी चल रहा था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह