गुमला में शान से लहराया तिरंगा, डीसी दिलेश्वर महतो ने किया ध्वजारोहण
गुमला के परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया. डीसी दिलेश्वर महतो ने तिरंगा फहराया, परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया.
गुमला (GUMLA) :स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुमला के परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया. उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन किया.

विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली
\ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली. जवानों और अन्य दलों ने अनुशासित कदमों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की. समारोह में मौजूद लोगों ने भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया. इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से जिले के शहीद स्थलों और वीर सपूतों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई. देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान को याद किया गया. अधिकारियों ने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है.

नागरिक कर्तव्यों को निभाने की अपील
अपने संबोधन में डीसी दिलेश्वर महतो ने लोगों से विकास के साथ अपने नागरिक कर्तव्यों को निभाने की अपील की. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में मिलकर काम करने पर जोर दिया. उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया. समारोह में पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे. पूरे आयोजन के दौरान लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.
रिपोर्ट - सुशील कुमार
