गुमला में चोरों का आतंक! दो बंद घरों को बनाया निशाना, लाखों की चोरी

गुमला में चोरों का आतंक! दो बंद घरों को बनाया निशाना, लाखों की चोरी

GUMLA:गुमला शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. हाल ही में चेटर मुहल्ला और डीएसपी रोड स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में दो बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाया. इन दोनों घटनाओं में नकदी, जेवरात और अन्य घरेलू सामान सहित लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

पहली घटना चेटर मुहल्ला की है, जहां रमेश साहू के घर में चोरी हुई. परिवार के लोग घर बंद करके बाहर गए हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया. जब परिवार शाम करीब 7:30 बजे वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर अलमारी और अन्य सामान बिखरे पड़े थे. जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और कुछ अन्य कीमती सामान गायब हैं. पीड़ित ने कुल मिलाकर लगभग 1.90 लाख रुपये की चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को खड़ियापाड़ा इलाके से हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है.

दूसरी घटना वीर कुंवर सिंह कॉलोनी की है, जो डीएसपी रोड के पास स्थित है. यहां संजय कुमार सिंह का घर पिछले एक महीने से बंद था क्योंकि वे अपने परिवार के साथ रांची में रह रहे थे. चोरों ने इसी खाली घर को निशाना बनाया और ताले तोड़कर अंदर घुस गए. जब मालिक सुबह घर पहुंचे तो दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था. घर से 32 इंच का टीवी, सिलाई मशीन, इन्वर्टर, बैटरी, टूल पंप और कई अन्य सामान चोरी हो गए. इसके अलावा चोर दरवाजों और खिड़कियों के पीतल के हैंडल, बिजली के स्विच, वायरिंग और कुछ बर्तन भी ले गए. चोरी के दौरान घर को काफी नुकसान भी पहुंचाया गया. इस घटना में लगभग ढाई लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.