गुमला में तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने जाम किया रांची-गुमला मुख्य मार्ग
गुमला के सदर थाना क्षेत्र में रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर खोरा के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 36 वर्षीय मजदूर सूरज उरांव की मौत हो गई. हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. पुलिस ने ट्रक को पकड़कर चालक को हिरासत में ले लिया है.
गुमला (GUMLA): जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई. हादसा रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर खोरा के पास हुआ, जहां सड़क पार कर रहे मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान खोरा पतरा टोली निवासी 36 वर्षीय सूरज उरांव के रूप में हुई है. सूरज मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था. उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
स्थानीय निवासी रविंद्र सिंह के मुताबिक शुक्रवार को दिन के करीब 11 बजे सूरज सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान रांची की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से निकल गया.
घटना से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और रांची-गुमला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद सड़क से जाम हटाया गया और गाड़ियों का आवागमन दोबारा शुरू हुआ.
चालक सहित ट्रक को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरिहर ढाबा बायपास के पास से ट्रक को पकड़ लिया. चालक को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
वहीं सूरज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है. परिजनों के मुताबिक सूरज ही परिवार में कमाने वाला अकेला सदस्य था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
रिपोर्ट - सुशील कुमार सिंह