गुमला में छठ पूजा की तैयारी शुरू, शुद्धता के साथ गेहूं धोकर सुखाने में जुटे व्रती परिवार

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गुमला जिले के अलग-अलग घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं. दिवाली के बाद अब लोग छठ पूजा की तैयारी में जुट गए हैं. घरों की साफ-सफाई के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जुटाई जा रही है. सबसे पहले छठ का प्रसाद बनाने के लिए गेहूं की सफाई की जा रही है. गेहूं को अच्छी तरह चुनकर और धोकर धूप में सुखाया जा रहा है.

गुमला में छठ पूजा की तैयारी शुरू, शुद्धता के साथ गेहूं धोकर सुखाने में जुटे व्रती परिवार

गुमला (GUMLA): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गुमला जिले के अलग-अलग घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं. दिवाली के बाद अब लोग छठ पूजा की तैयारी में जुट गए हैं. घरों की साफ-सफाई के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जुटाई जा रही है. सबसे पहले छठ का प्रसाद बनाने के लिए गेहूं की सफाई की जा रही है. गेहूं को अच्छी तरह चुनकर और धोकर धूप में सुखाया जा रहा है.

प्रसाद की शुद्धता का रखा जा रहा विशेष ध्यान

छठ व्रत करने वाली अनु कुमारी बताती हैं कि छठ पूरी तरह शुद्धता और पवित्रता का पर्व है. इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाती. ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद बनाने में इस्तेमाल होने वाले गेहूं को अच्छी तरह साफ करने के बाद सुखाया जाता है. इस दौरान विशेष ध्यान रखा जाता है कि गेहूं को कोई पक्षी जूठा न करे. साथ ही इस काम में शामिल होने वाली महिलाएं भी शुद्धता का पूरा ध्यान रखती हैं.

व्रतियों के सहयोग में जुट रहीं महिलाएं

छठ पूजा में केवल व्रत करने वाली महिलाएं ही नहीं, बल्कि परिवार और आसपास की अन्य महिलाएं भी बढ़-चढ़कर सहयोग करती हैं. फूलों कुमारी और अनीता कुमारी सहित अन्य युवतियों का कहना है कि जो लोग स्वयं छठ व्रत नहीं कर पाते, वे दूसरों के व्रत में सहयोग कर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं.

छठ को लेकर लोगों में दिख रहा उत्साह

सामाजिक कार्यकर्ता रानी कुमारी सिंह के अनुसार, छठ पर्व लोगों की आस्था और आपसी सहयोग का प्रतीक है. एक घर में व्रत करने वाली महिला के साथ कई लोग तैयारियों में जुट जाते हैं. गुमला में भी छठ व्रत करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. छठ घाटों पर अर्घ्य के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं. लोग छठी मैया से अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह