छठ महापर्व को लेकर गुमला में तैयारियां तेज, साफ-सफाई के बाद रोशनी से जगमगाएंगे घाट

गुमला में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. वन तलाव, सिसई रोड और मुरली बगीचा समेत सभी प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई अंतिम चरण में है. डीसी दिलेश्वर महतो ने बिजली और रोशनी की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए हैं.

छठ महापर्व को लेकर गुमला में तैयारियां तेज, साफ-सफाई के बाद रोशनी से जगमगाएंगे घाट

गुमला (GUMLA): छठ महापर्व को लेकर गुमला जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई का काम अंतिम चरण में है. जिला उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर नगर परिषद की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन का प्रयास है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो.

चार-पांच दिनों से सफाई में जुटे हैं कर्मचारी

गुमला के वन तलाव, सिसई रोड तलाव और मुरली बगीचा तलाव में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा करने पहुंचते हैं. इन घाटों पर हजारों लोगों की भीड़ जुटती है. इसे देखते हुए नगर परिषद के सफाईकर्मी पिछले चार-पांच दिनों से लगातार साफ-सफाई में लगे हुए हैं. प्रशासन को उम्मीद है कि शुक्रवार शाम तक सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा.

बिजली और रोशनी की भी होगी बेहतर व्यवस्था

डीसी दिलेश्वर महतो ने सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई के साथ पर्याप्त रोशनी और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. प्रशासन की ओर से अगले दिन तक सभी प्रमुख घाटों पर बिजली-बत्ती लगाने की तैयारी है. जिला मुख्यालय के अलावा कोयल नदी और शंख नदी के घाटों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं.

अधिकारी लगातार कर रहे घाटों की निगरानी

छठ घाटों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. एसडीओ और एसडीपीओ भी घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, बिजली और अन्य सुविधाओं की स्थिति देख रहे हैं. डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए.

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने की प्रशासन की पहल की सराहना

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार सिंह ने कहा कि गुमला में बड़ी संख्या में लोग छठ व्रत करते हैं. ऐसे में घाटों पर बेहतर व्यवस्था करना जरूरी है. उन्होंने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की. वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद सब्बू ने कहा कि छठ अब बड़े पर्व का रूप ले चुका है. इसलिए प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव बेहतर इंतजाम करने चाहिए. उन्होंने सफाईकर्मियों और प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत भी बताई.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह