गुमला में बेकाबू बॉक्साइट ट्रक घर में घुसा, एक व्यक्ति की गई जान

गुमला में बेकाबू बॉक्साइट ट्रक घर में घुसा, एक व्यक्ति की गई जान

गुमला(GUMLA): जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेहेटोली गांव में सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार बॉक्साइट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा, जिसमें 58 वर्षीय टेपना महली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और आक्रोश का माहौल फैल गया.

ट्रक घाघरा की ओर से बिशुनपुर की तरफ जा रहा था. रेहेटोली गांव के पास अचानक एक स्कूटी सवार को ट्रक ने हल्की टक्कर मार दी. टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन बेकाबू हो गया. इसके बाद ट्रक पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया, जिससे पोल टूट गया और फिर सीधे एक घर में घुस गया.

इस हादसे के दौरान घर के बाहर बैठे टेपना महली ट्रक की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया.

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के वक्त घर के आसपास कई बच्चे खेल रहे थे. तेज रफ्तार ट्रक को अनियंत्रित होते देख बच्चों ने दौड़कर अपनी जान बचाई. लोगों का कहना है कि यदि बच्चे समय पर वहां से नहीं हटते तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था.

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घाघरा–नेतरहाट मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा देने और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग कर रहे थे. करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सूचना मिलने पर बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. बाद में अंचलाधिकारी सुशील खाखा भी पहुंचे और ग्रामीणों को सरकारी सहायता का आश्वासन दिया. पुलिस की ओर से तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई, जिसके बाद जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमति बनी.