गुमला में बड़ा हादसा! ट्रैक्टर ने बाइक को मारी सीधी टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत

गुमला के सदर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया.

गुमला में बड़ा हादसा! ट्रैक्टर ने बाइक को मारी सीधी टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत

गुमला (GUMLA): जिले  के सदर थाना क्षेत्र के गिन्दरा महुआ टोली के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां एक ट्रैक्टर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में मातम पसर गया. घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और दोनों शवों को सड़क पर रखकर विरोध जताया. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर बात नहीं करेंगे, तब तक शवों को सड़क से नहीं उठाया जाएगा.

घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और बड़ी गाड़ियों के अनियंत्रित परिचालन को लेकर नाराजगी जताई. ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में कई बार ट्रैक्टर और भारी वाहनों को लापरवाही से सड़क पर चलते देखा जाता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है. लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से ट्रैक्टर और भारी वाहनों के परिचालन पर सख्ती से निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ट्रैक्टर चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है. फिलहाल हादसे के बाद गांव में शोक के साथ लोगों में काफी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए सिर्फ जागरूकता अभियान काफी नहीं हैं, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई भी जरूरी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अनियंत्रित तरीके से चलने वाले ट्रैक्टर व भारी वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह