गुमला में स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगा बूस्ट, उपायुक्त की पहल से मिली नई एम्बुलेंस वैन

गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो की पहल पर IDBI बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के तहत गुमला जिला प्रशासन को एक एम्बुलेंस वैन उपलब्ध कराई गई है, यह एम्बुलेंस वैन जारी प्रखंड के लिए सुपुर्द की गई है.

गुमला में स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगा बूस्ट, उपायुक्त की पहल से मिली नई एम्बुलेंस वैन

गुमला(GUMLA): जिले के दूर दराज इलाकों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल पर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, उपायुक्त दिलेश्वर महतो की पहल पर IDBI बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के तहत गुमला जिला प्रशासन को एक एम्बुलेंस वैन उपलब्ध कराई गई है, यह एम्बुलेंस वैन जारी प्रखंड के लिए सुपुर्द की गई है, जिससे विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जरूरत के समय अस्पताल तक पहुंचने में सहायता मिलेगी.

उपायुक्त और उप विकास आयुक्त रहे मौजूद

इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन की उपस्थिति में एम्बुलेंस वैन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद IDBI बैंक के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त दिलेश्वर महतो को एम्बुलेंस वैन की चाबी और गाड़ी के कागजात सौंपे.

अस्पतालों तक पहुंचाने में सहायक होगी एम्बुलेंस वैन

प्रखंड के दूर दराज इलाकों में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई बार लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में यह एम्बुलेंस वैन जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों तक पहुंचाने में सहायक होगी. विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों तक भी पहुंचाना है.

इस अवसर पर सिविल सर्जन, गुमला शंभूनाथ चौधरी, एसीएमओ, IDBI बैंक के प्रतिनिधियों सहित बाकी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

रिपोर्ट- सुशील सिंह