गुमला: चुआं का दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, महिलाएं आज भी कई किलोमीटर दूर से ढोकर लाती हैं पानी

गांव में पेयजल और सड़क की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सबसे गंभीर समस्या पीने के पानी की है. गांव में चापाकल लंबे समय से खराब पड़ा है. ऐसे में महिलाओं को कई किलोमीटर दूर जाकर चुआं से पानी लाना पड़ता है. दूषित पानी पीने से बीमार होने का खतरा बना रहता है.

गुमला: चुआं का दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, महिलाएं आज भी कई किलोमीटर दूर से ढोकर लाती हैं पानी

गुमला (GUMLA): जिले के रायडीह प्रखंड के सुदूरवर्ती कोब्जा क्षेत्र के डिपाटोली गांव में ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं. गांव में पेयजल और सड़क की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सबसे गंभीर समस्या पीने के पानी की है. गांव में चापाकल लंबे समय से खराब पड़ा है. ऐसे में महिलाओं को कई किलोमीटर दूर जाकर चुआं से पानी लाना पड़ता है. ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है.

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि चुआं का पानी दूषित है, इसके बावजूद उन्हें मजबूरी में इसका इस्तेमाल करना पड़ता है. गांव में पानी का दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण लोग इसी पानी पर निर्भर हैं. दूषित पानी पीने से बीमार होने का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पानी पीने के बाद लोगों की तबीयत भी खराब हो जाती है. चापाकल की मरम्मत के लिए कई बार गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है. स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस समस्या को उठाया है. उनका कहना है कि प्रखंड और जिला प्रशासन को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद ग्रामीणों को राहत नहीं मिल रही है.

एक ओर सरकार लोगों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर डिपाटोली गांव के लोगों को पानी के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है. महिलाओं को घर की जरूरतों के लिए दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है और वह पानी भी दूषित होता है. ग्रामीणों की मांग है कि गांव में खराब पड़े चापाकल की जल्द मरम्मत कराई जाए और पेयजल की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें दूषित पानी पीने और दूर-दराज से पानी लाने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके.

रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह