गुमला: नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम

गुमला: नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम

गुमला (GUMLA): जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित सांवरिया गांव से एक दिल दहला देनी वाली खबर सामने आई है जहां नदी में तीन वर्षीय बच्ची अगस्ति कुमारी की नदी में डूबने से मौत हो गई. मृतका गांव निवासी जीतराम भगत की पुत्री थी. घटना शनिवार की बताई जा रही है, जबकि रविवार सुबह बच्ची का शव बाकी नदी से बरामद किया गया. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

जानकारी के अनुसार शनिवार को परिवार के सभी सदस्य बाकी नदी किनारे स्थित खेत में धान की रोपाई करने गए थे. अगस्ति भी अपनी मां और अन्य ग्रामीणों के साथ खेत में मौजूद थी. रोपाई के दौरान सभी लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे. कुछ देर बाद जब उसके पिता खेत लौटे तो बच्ची वहां दिखाई नहीं दी. इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. शाम तक ग्रामीणों की मदद से खेतों, नदी किनारे और आसपास के इलाकों में खोजबीन जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली. रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए खोज अभियान के दौरान खेत से करीब एक किलोमीटर दूर बाकी नदी के किनारे बने गहरे गड्ढेनुमा स्थान से बच्ची का शव बरामद हुआ.

परिजनों का अनुमान है कि भोजन करने के बाद बच्ची जरूर नदी में हाथ धोने गई होगी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना पर सदर थाना के एएसआई मंगल टुडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.